धनघटा क्षेत्र के अशरफपुर में हुए हादसे में युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे लोग-संवा
धनघटा। शुक्रवार देर रात धनघटा क्षेत्र के अशरफपुर चौराहे पर पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धनघटा क्षेत्र के हकीमपुर गांव निवासी शंभू पुत्र शिव भूषण बाइक से अशरफपुर चौराहे पर सामान खरीदने आए थे। सामान खरीद कर लौट रहे थे। उमरिया बाजार की तरफ तेज रफ्तार के साथ जा रही पिकअप ने उन्हें चपेट में ले लिया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक पिकअप लेकर भाग निकला। घायल शंभू को उठाकर परिवार के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। वहां देखने के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
शंभू की मौत पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। पत्नी जानकी और उनके छोटे-छोटे पांच बच्चे बदहवास थे। गांव वालों का कहना है की शंभू की मौत से परिवार पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा है। शंभू दिल्ली में पेंटिंग का कार्य करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धनघटा क्षेत्र के अशरफपुर में हुए हादसे में युवक की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर जुटे लोग-संवा