संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयोें में शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए सरकार जहां एक तरफ करोड़ों रुपये बहा रही है। वहीं विकासखंड खलीलाबाद का पूर्व माध्यमिक विद्यालय पटखौली चपरासी के हवाले है। यह मामला बीएसए के निरीक्षण में खुला है। बीएसए ने इस विद्यालय को चार शिक्षकों को वेतन रोक दिया है।
बीएसए राम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय पटखौली का दोपहर बाद 1.45 बजे पर निरीक्षण किया तो वहां पर प्रधानाध्यापक राजकुमारी और सहायक अध्यापक सुशील कुमार अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय चपरासी के भरोसे था। विद्यालय पर नामांकित 28 में से सिर्फ दो ही बच्चे उपस्थित मिले। बच्चों के ड्रेस की गुणवत्ता भी काफी खराब मिली। उन्होंने बताया कि दोनो शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। इसी तरह से 2 बजकर 10 मिनट पर प्राथमिक विद्यालय पटखौली का निरीक्षण किया तो वहां पर भी प्रधानाध्यापक विश्वनाथ मिश्र और सहायक अध्यापक संध्या सिंह अनुपस्थित पाई गईं। नामांकित 103 बच्चों में मात्र 38 बच्चे ही मौके पर मौजूद पाए गए। विद्यालय पर अन्य कई प्रकार की कमियां पाई गई हैं। दोनो शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की पढ़ाई के साथ शिक्षक खिलवाड़ न करें नहीं तो आगे से निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।