जिले में 92 कोरोना पॉजिटिव मिले
- संक्रमित मिले मरीजों को होम आइसोलेशन में भेजा गया
- 19 लोग हुए स्वस्थ, 267 हुई सक्रिय मरीजों की संख्या
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में रविवार को कोरोना के 92 मरीज मिले हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। इसके साथ ही 19 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। जिले में एक्टिव केस की संख्या 267 पहुंच गई है।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि रविवार को आई रिपोर्ट में कुल 92 पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। इनमें खलीलाबाद ब्लॉक में 24, बघौली ब्लॉक में 11, बेलहर में दो, सेमरियावां में 10, हैंसर में एक, पौली में 14, मेंहदावल में दो, सांथा में एक, नाथनगर में चार और अन्य जिले के 23 मरीज शामिल हैं। इन सभी को होम आइसोलेशन में भेजा गया है। इनकी निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। इन मरीजों को चिकित्सकों को दिए दवा को नियमानुसार सेवन करना है। इसके साथ ही रविवार को 19 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक कुल 8,827 कोरोनो पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इनमें से 8,462 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 98 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में एक्टिव केस की संख्या 267 है। 1,460 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 559 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने लोगों से सामाजिक दूरी के पालन और मास्क लगाने की अपील की है।