वसूली करके लौट रहे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से 90 हजार की लूट
- महुली क्षेत्र के देवापार माइनर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कट्टा दिखाकर की वारदात
- सीसीटीवी फुटेज में बाइक से जाते दिख रहे है दो बदमाश, चिन्हित करने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा/संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के देवापार माइनर के पास मंगलवार की शाम को एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों से बाइक सवार बदमाशों ने कट्टा दिखाकर 90 हजार रूपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश देवापार की ओर भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो बदमाश जाते दिख रहे हैं, जिनकी पहचान करने में पुलिस जुट गई।
महराजगंज जिले के सिसवा बाजार निवासी अविनाश तिवारी पुत्र अशोक तिवारी और कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया निवासी राहुल गौड़ पुत्र कन्हैया ने बताया कि वे लोग एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी हैं। दोनों लोग बाइक से कंपनी के काम से महुली क्षेत्र के फरेेंदिया,गोंनदौरा गांव आए थे। जहां से वसूली करके वापस लौट रहे थे। अभी लोग महुली क्षेत्र के देवापार माइनर के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश ओवरटेक करके उनकी गाड़ी को रोकवा लिए। बदमाशों ने कट्टा दिखाकर बैग में रखे 90 हजार रूपये लूट लिए और देवापार की ओर भाग निकले। पीड़ित कर्मचारियों ने मोलनापुर पुलिस चौकी पर घटना की सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र यादव ने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश भागने में सफल हो गए थे। सूचना पर एसओ रणविजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए। एसओ ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला। सीसीटीवी फुटेज में बाइक से दो बदमाश जाते दिख रहे हैं,। जिनकी पहचान कराए जाने की कोशिश शुरू कर दी गई है। जल्द ही बदमाश चिन्हित करके पकड़ लिए जाएंगे।