दो डाकियों पर 25 वार्डों में चिट्ठी पहुंचाने की जिम्मेदारी
डाक पत्र स्कैन करने में ही बीत जा रहे कई दिन
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। डाकिया डाक लाया वह स्वर अब कम ही सुनाई देते हैं, लेकिन अब भी बहुत से पत्र डाक के जरिए ही लोगों तक पहुंच रहे हैं। कुछ मौके पर काफी संख्या में डाक आ रह है, इससे डाक विभाग और लोग खासे परेशान है। कारण यह है कि डाक विभाग में डाकियों की बहुत कमी है। इससे चिट्ठियां पहुंचाने में कई-कई दिन लग जा रहे हैं।
शहर के पोस्ट ऑफिस में केवल दो ही डाकियां हैं। इन पर 25 वार्डों समेत जिला मुख्यालय के सरकारी दफ्तरों का डाक पहुंचाने की जिम्मेदारी है। कार्य की अधिकता के चलते कई बार जरूरी चिट्ठियां भी हफ्ते भर तक पोस्ट ऑफिस में ही पड़ी रह जाती है। सबसे अधिक दिक्कत तब आती है जब किसी विभाग की नियुक्ति हो और उससे संबंधित पत्र आवेदकों तक पहुंचाना हो। इसके चलते आए दिन लोग शिकायत करते रहते हैं, लेकिन इसका हल नहीं निकल पा रहा है। कारण है कि जो डाक आती है, उसे वार्ड वार छांटने के बाद स्कैन किया जाता है। डाक को स्कैन करने में ही काफी समय लग जा रहा है। इसके लिए भी मात्र दो कर्मचारियों को लगाया गया है, जिससे दिक्कत आ रही है। इस संबंध में प्रभारी मोस्ट मास्टर संत प्रसाद ने स्वीकार किया कि डाक कर्मियों की कमी के चलते समस्या आ रही है। उन्होंने बताया कि डाक कर्मियों की कमी को देखते हुए तीन अन्य लोगों को भी इस कार्य में लगाया गया है। साथ ही उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।