नामित एआरओ ने संभाला कामकाज
15 सितंबर को सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख का होना है उपचुनाव
अमर उजाला ब्यूरो
बाघनगर। सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव के लिए जिला प्रशासन ने सहायक निर्वाचन अधिकारी के लिए पीएमजेएसवाई के अधिशासी अभियंता आरएन सिंह को नामित किया है। सोमवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) आरएन गुप्ता ने ब्लॉक पर पहुंच कर बीडीओ आरके चतुर्वेदी के साथ निर्वाचन संबंधी कार्य पर चर्चा की।
सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख का पद जनवरी में अविश्वास के चलते रिक्त हो गया था। उपचुनाव की घोषणा के बाद यहां सरगर्मी तेज हो गई है। सहायक निर्वाचन अधिकारी आरएन गुप्ता ने बताया कि नामांकन पत्र की बिक्री के लिए मंगलवार से ही ब्लॉक में काउंटर लगा दिया जाएगा। नामांकन पर्चा की खरीद 13 सितंबर को सुबह 11 बजे तक होना है। उस दिन ही शाम तीन बजे तक नामांकन पर्चा दाखिल हो सकेगा। तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। 14 सितंबर को उम्मीदवार नामांकन वापस ले सकते हैं। 15 सितंबर को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। उसी दिन तीन बजे के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। एआरओ ने बताया कि ब्लॉक प्रमुख पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित है। उम्मीदवार को नामांकन के लिए जाति प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, नवीन फोटा, वोटर लिस्ट नाम की प्रतिलिपि एवं दो प्रस्तावक आदि कागजात के साथ नामांकन प्रपत्र दाखिल करना होगा।
सुरक्षा को लेकर की गई चर्चा
लोहरौली। दुधारा पुलिस ने ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था आदि की व्यवस्था के लिए एसओ करुणाकर पांडेय ने बीडीओ के साथ चर्चा की। एसओ ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं से कोई लापरवाही नहीं की जाएगी।