संतकबीरनगर जिले में धनघटा क्षेत्र के बिडहर घाट पर सरयू नदी में रविवार की शाम को नाव पलट जाने से पर पांच लोग डूबने लगे। घटना देख कर बिड़हर घाट पुलिस चौकी के पुलिस कर्मी तत्काल दूसरी नाव लेकर बचाव के लिए नदी में पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने अथक प्रयास करके डूब रहे पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकला। पुलिस कर्मियों के इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हुई।
एसओ अनिल कुमार दुबे ने बताया कि आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया क्षेत्र के जोगीपुर गांव निवासी कमलेश की पत्नी को सांप ने डस लिया था। इसकी वजह से उसकी मृत्यु हो गई थी। कमलेश अपनी पत्नी के शव को सरयू नदी में प्रवाहित करने के लिए रविवार की शाम चार बजे के करीब आए थे। उनके साथ गांव के ही अखिलेश पुत्र रामलाल, रविशंकर पुत्र तुलसी और नाव चालक चंद्रिका पुत्र धर्मराज व प्रेमचंद पुत्र लालमन नाव से नदी के बीच में पहुंच गए।
उसी दौरान अचानक नाव नदी में पलट गई। इससे पांचों लोग डूबने लगे और शोर मचाए। बिड़हर घाट के पास पुलिस चौकी पर मौजूद चौकी इंचार्ज अरुण कुमार पांडेय नदी में डूब रहे लोगों को देखे तो आनन-फानन अपने सहयोगी सिपाही रामप्रीत, राजू गौड़, पीयूष कुमार सिंह, संदीप और मुकेश तथा वहां मौजूद कुछ अन्य लोगों के साथ दो नावों से नदी में प्रवेश कर गए।
लोग नदी में बांस के सहारे पांचों लोगों को बारी-बारी से नाव में बैठाए और सुरक्षित बाहर निकाले। एसओ ने बताया कि पांचों लोगों को सकुशल बचा कर बाहर निकाला गया। किसी को कोई चोट नहीं आई। बचाव कार्य के दौरान सिपाही पियूष सिंह को कुछ खरोंच आ गई है। पुलिस के इस कार्य को देखकर वहां मौजूद लोगों ने सराहना की। एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने नदी में डूब रहे लोगों को बचाने वाले पुलिस कर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए बधाई दी।