45 करोड़ का बजट पास
मेंहदावल नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक विकास पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। नगर पंचायत मेंहदावल के सभागार में नगर पंचायत बोर्ड की बैठक हुई। कमेटी ने नगर के विकास के लिए 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पास किया। बैठक में मौजूद विधायक ने विकास कार्यों पर जोर दिया।
विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि नगर पंचायत ने विकास का नया आयाम पेश किया है। नगर के समग्र विकास के लिए यहां पारदर्शी विकास कार्य हुए हैं लेकिन नगर पंचायत सीमा विस्तार के बाद सम्मिलित ग्राम पंचायतों में विकास कार्य नगर पंचायत को चुनौती के रूप में लेना चाहिए। शासन से मिले बजट के आधार पर नगर पंचायत सीमा विस्तार में शामिल गांवों के विकास कार्य हो रहे हैं। वहीं, पांच वर्षों में नगर में शामिल गांवों का विकास कार्य शहरी तर्ज पर दिखे, इस दिशा में मेरा सहयोग सदैव नगर पंचायत के साथ होगा। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमिला जायसवाल ने कहा कि नगर पंचायत आदर्श नगर पंचायत बनने की राह पर है। नगर के समुचित विकास के साथ ही जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाला नगर पंचायत प्रशासन निरंतर जनता के हित में कार्य कर रहा है। इस दौरान ईओ प्रदीप कुमार, अध्यक्ष प्रतिनिधि मोतीलाल जायसवाल, गंगा यादव, राजेश श्रीवास्तव, मिथिलेश देववंशी, गौरव गौड़, विनोद यादव, सभासद लल्ला जायसवाल, राधेश्याम निषाद, शैलेंद्र सिंह रवि, सभासद दिवाकर सिंह, परमात्मा सिंह, शैलजा श्रीवास्तव, गोपाल कांदू, वादिह अली, एडवोकेट गोपाल गुप्ता, नसीर अहमद आदि मौजूद रहे।