बिना फिटनेस जांच के दौड़ रहे 431 स्कूल वाहन
- आरटीओ ने दो बार फिटनेस चेक कराने के लिए दिया है नोटिस
चेकिंग में मानक पूरा न होने पर बसों को किया जाएगा सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गाजियाबाद की घटना के बाद सहायक संभागीय परिवहन विभाग सतर्क हो गया है। जिले के 431 पंजीकृत स्कूली वाहनें के स्वामियों को नोटिस देकर फिटनेस जांच कराने का निर्देश दिया है। अगर एक सप्ताह में फिटनेस जांच नहीं कराते हैं तो जांच में मानकों के विपरीत पाए जाने वाले स्कूली वाहनों को सीज कर दिया जाएगा।
जिले में 240 प्राइवेट स्कूल संचालित हैं। इन स्कूलों में चलने वाले वाहनों की फिटनेस जांच हर छह माह में आरटीओ विभाग करता है। इसके लिए बसें आरटीओ कार्यालय पर जाती हैं और फिटनेस जांच कराती हैं। दिसंबर माह में मगहर में एक छात्र की स्कूली बस के नीचे आने से मौत हो गई थी। उस समय कुछ स्कूली वाहनों के फिटनेस की जांच हुई थी। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी कई ऐसे वाहन हैं जो मानकों के विपरीत चल रहे हैं। एआरटीओ आंजनेय सिंह ने बताया कि विभाग में पंजीकृत 431 स्कूूली वाहनों के फिटनेस जांच के लिए नोटिस भेजा गया है। इसके साथ ही डीआईओएस और बीएसए के जरिए भी इन स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा गया था। अगर वाहन एक सप्ताह में फिटनेस जांच नहीं कराते हैं तो अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच की जाएगी। जो भी वाहन मानक के विपरीत पाए जाएंगे, उन्हें सीज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल संचालक अपने-अपने वाहनों की फिटनेस जांच अवश्य करा लें।