संतकबीरनगर। जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला लगाया गया। इस मेले में बुखार के 32 मरीज मिले हैं। उन्हें ब्लड जांच के लिए अस्पताल बुलाया गया। कुल 1022 मरीजों का निदान कर दवाएं दी गईं।
सीएमओ डॉ रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि बखिरा, हरिहरपुर, मगहर, रोसयाबाजार, चुरेब, बघौली, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम समेत 22 उप स्वास्थ्य केंद्राें में आरोग्य मेला लगा। इसमें कुल 1022 मरीजों ने इलाज कराया। बुखार के 32 मरीज आए। इनको ब्लड जांच के लिए संबंधित अस्पतालों में बुलाया गया। साथ ही शुगर के 64 मरीज, सांस के 53 मरीज, त्वचा के 166 मरीज, टीबी से पीडित 12 मरीज पहुंचे थे। उनका इलाज किया गया। उन्होंने बताया कि एक मरीज को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।