सीएचसी अधीक्षक समेत 28 स्वास्थ्यकर्मी मिले अनुपस्थित
- सीएचसी खलीलाबाद का निरीक्षण करने पहुंचे सीएमओ ने रोका वेतन, मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सीएचसी खलीलाबाद में मंगलवार को अधीक्षक समेत 28 स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले, जबकि उपस्थिति पंजिका पर इनमें से कई कर्मियों के हस्ताक्षर बने हुए थे। सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने गैरहाजिर मिले सभी कर्मियों का वेतन रोक दिया है। साथ ही उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है।
सीएमओ मंगलवार सुबह 10:30 बजे सीएचसी खलीलाबाद का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उस दौरान अधीक्षक डॉ. वीके सोनी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने उपस्थिति पंजिका देखा तो 28 स्वास्थ्यकर्मी बिना किसी सूचना के ड्यूटी पर नहीं आए ते। इनमें लैब टेक्नीशियन विजय कुमार यादव, स्टॉफ नर्स सुनीता भारती, जयंत्री देवी, कुमारी जूही पांडेय, फार्मासिस्ट संगीता यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. अम्ब्रीश चौधरी और डॉ. इश्तेयाक अहमद शामिल थे, जबकि उपस्थिति पंजिका में इनका नौ फरवरी का हस्ताक्षर बना हुआ था।
सीएमओ को जानकारी मिली की चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह, वार्ड ब्वाय सूर्यलाल, काउंसलर सुधाकर सिंह, स्टॉफ नर्स आशा यादव, स्टॉफ नर्स तुलिका दूबे, स्टॉफ नर्स संदीप यादव, आयुष चिकित्सक डॉ. आलम हुसेन व डॉ. एके यादव, हेड सुपरवाइजर गोरखनाथ यादव, बीएचडब्ल्यू दिग्विजय कुमार, वरिष्ठ सहायक राजेश्वरी मिश्रा, स्टॉफ नर्स सुचिता तिवारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम सिंह, आप्टोमेट्रिस्ट विक्रम चौधरी और स्टोर कीपर अनूप कुमार एक फरवरी से अनुपस्थित हैं। वरिष्ठ सहायक भरत तिवारी, विंदु पांडेय सात फरवरी से अनुपस्थित हैं। बीएएम अर्चना श्रीवास्तव पांच फरवरी से अनुपस्थित हैं। आयुष्मान भारत कर्मी अनिल कुमार शर्मा एक जनवरी से ही अनुपस्थित चल रहे हैं।
कोट--
अनुपस्थित कर्मियों का वेतन नो वर्क, नो पे के आधार पर रोका गया है। सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। दो दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने कार्रवाई की जाएगी। --- डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा, सीएमओ