धार्मिक स्थलों समेत 16 स्थानों पर लगेगा आरओ
जलजनित बीमारियों से लोगों को मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जलजनित बीमारियों से खलीलाबाद ब्लॉक क्षेत्र की जनता को सुरक्षित रखने के लिए पहल हुई है। इसके तहत धार्मिक स्थलों सहित 16 स्थानों पर आरओ प्लांट स्थापित किए जाने की तैयारी चल रही है। ब्लॉक प्रमुख प्रमिला देवी की पहल पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों के जरिए स्थान चिह्नित करने के साथ ही आरओ प्लांट लगाने के लिए चबूतरों का निर्माण शुरू करा दिया गया है।
आरओ प्लांट लगाने के लिए जो स्थान चिह्नित किए गए हैं, उनमें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरेब, मां वन देवी मंदिर धमरजा, समय माता मंदिर चकदही, शिव मंदिर कोनी, शिव मंदिर गोरयाभार, शिव मंदिर सहसरावमाफी, उदया इंटरनेशनल एकेडमी भुजैनी, बाबा तामेश्वरनाथ इंटर कॉलेज, मां काली मंदिर धमैचा, ब्लॉक परिसर खलीलाबाद, गड़सरपार चौराहा, मां काली मंदिर चंदहर, समय माता मंदिर बयारा, शिव मंदिर मीरगंज आदि शामिल हैं। इनमें से समय माता मंदिर चकदही सहित विभिन्न स्थानों पर चबूतरो का निर्माण शुरू हो गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य चकदही के प्रतिनिधि रविंद्र यादव ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख का यह सराहनीय कदम है।
इस संबंध में ब्लॉक प्रमुख खलीलाबाद प्रमिला देवी का कहना है कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों व आम लोगों की मांग पर आरओ प्लांट लगाने का निर्णय लिया गया है। आरओ लग जाने से लोगों की स्वच्छ पेयजल की समस्या दूर होगी और जलजनित बीमारियों से भी बचाव में सहायता मिलेगी।