1249 मरीजों की सेहत जांची गई
22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया
कोविड हेल्प डेस्क में आए 972 मरीजों में 212 की आरटीपीसीआर जांच हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन रविवार को जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ। इस मेले में 1249 मरीजों की निशुल्क जांच और दवाइयां दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क पर कुल 972 लोग आए, जिनमें से 212 की आरटीपीसीआर जांच की गई।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने कहा कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की निशुल्क सेवाएं दी गईं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 1249 लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। इसमें 517 पुरुष, 562 महिलाएं और 170 बच्चे शामिल रहे। इनमें सांस के 103, मधुमेह के 40, त्वचा रोग के 213, ब्लड प्रेशर के 64, एनीमिया के 19, लीवर के 23 तथा अन्य रोगों के 776 रोगी पहुंचे। इसके साथ ही 12 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।