मेंहदावल (संतकबीरनगर)। स्थानीय विकास खंड में बन रहा राजकीय महाविद्यालय चार वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो पाया। कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारी इसके निर्माण से मुंह मोड़ रखे हैं वही जनप्रतिनिधि व जिला प्रशासन के जिम्मेदार भी इसकी खोज खबर नहीं ले रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है।
मेंहदावल विकास खंड के ग्राम पंचायत बाराखाल में तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा राजकीय महाविद्यालय निर्माण के लिए तहसील प्रशासन की पहल पर ढाई एकड़ जमीन का प्रस्ताव किया था। निर्माण कार्य 27 जनवरी 2014 को प्रारंभ हुआ। यहां पठन पाठन के लिए भवन के अलावा व्यायामशाला व गर्ल्स हास्टल, बिजली घर, मेस, बाउंड्रीवाल आदि का कार्य कराया जाना है। क्षेत्रीय निवासी बलई मौर्या, अनिल यादव, अजय कुमार गुप्त, अर्जुन यादव, वेद पांडेय, आनंद पांडेय, गोलू पांडेय, आलोक सिंह, मनोज यादव आदि का कहना है कि निर्माण स्थल पर राजकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। वहां कोई प्रशासनिक या तकनीकि अफसर भी मौजूद नहीं रहता, जिससे कि निर्माण के संबंध में कोई जानकारी मिल सके। निर्माण कार्य धीमा होने से बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर अवसर नहीं मिल पा रहा है।
इस संबंध में सीडीओ हाकिम सिंह ने कहा कि कार्यदाई संस्था से इस संबंध में जवाब तलब किया जाएगा। निर्माण कार्य जल्दी पूरा कराने का प्रयास होगा।