संभल-मुरादाबाद मार्ग पर फिरोजपुर के निकट सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। कोतवाली क्षेत्र के संभल-मुरादाबाद मार्ग पर बाइक सवारों को बोलेरो कार ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर घायल हुआ है। हादसा देख मौके पर जमा हुए लोगों ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी भी पहुंचे। पीड़ित परिजन आक्रोशित हो गए थे। जिससे जाम के हालात बने। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित परिजनों को शांत किया। पीड़ित परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर देर शाम तक तहरीर भी नहीं दी गई।
सोमवार को दोपहर दो बजे करीब कोतवाली क्षेत्र के गांव फिरोजपुर के नजदीक संभल मुरादाबाद मार्ग पर बाइक सवारों को बोलेरो ने टक्कर मार दी। इसमें बाइक पर सवार गांव फिरोजपुर निवासी हसीना (50) पत्नी हिदायतुल्ला की मौत हो गई। जबकि महिला का रिश्तेदार गांव नगलिया निवासी सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपने बीमार बेटे को संभल के सरायतरीन स्थित अस्पताल से देखकर घर लौट रही थीं।
जैसे ही गांव के नजदीक पहुंची बेकाबू बोलेरो ने टक्कर मार दी। इसमें महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला का रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देख आसपास खेतों में काम रहे ग्रामीण दौड़ पड़े।
बोलेरो के चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। जब हादसे की सूचना महिला के परिजनों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। आरोपी चालक पर आक्रोश जाहिर किया। पुलिस ने चालक को कब्जे में लिया और कोतवाली ले गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी डा. केके सरोज ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने को कहा तो इंकार कर दिया। वहीं दूसरी ओर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया है। साथ ही अब तक कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी है। आरोपी चालक और गाड़ी कब्जे में है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।