चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के कब्रिस्तान स्थित रेलवे फाटक के निकट ट्रैक को पार करते समय मां-बेटा ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में महिला की मौत हो गई जबकि चार वर्षीय मासूम का एक हाथ कट गया। मासूम का उपचार सीएचसी में कराया गया। घटना के बाद जीआरपी, आरपीएफ व रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।
जनपद बदायूं के थाना बिसौली निवासी गुलशन (32) पत्नी मोहम्मद ताहिर अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ सुबह 11 बजे कब्रिस्तान स्थित रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक को पार कर रही थीं। तभी चंदौसी की दिशा से पूर्णागिरि को जाने वाली जन शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। महिला व मासूम ट्रेन की चपेट में आए गए। महिला ट्रेन में फंसकर 50 मीटर तक घसीटते हुए चली गई, जबकि मासूम बालक का बायां हाथ का पंजा कट गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस व रेलवे प्रशासन को दी। कुछ देर में पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां गुलशन की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मासूम को प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया। देर शाम तक महिला के परिजनों सीएचसी नहीं पहुंचे थे। वहीं घटना के बाद रेलवे अधीक्षक आशीष कुमार मिश्रा, आरपीएफ व जीआरपी ने घटनास्थल पर पहुंच जानकारी की।
घायल मासूम को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
चंदौसी। कब्रिस्तान के पास स्थित रेलवे फाटक पर हादसे के बाद लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में व्यस्त थे। कोई भी महिला व मासूम को मदद को आगे नहीं आ रहा था। तभी कब्रिस्तान में अपने मां के कब्र पर दुआ करने पहुंचे सुमेल खान, स्कूटी सवार शमशाद व राफे ने चार वर्षीय मासूम को घटनास्थल से उठाकर अपनी स्कूटी से उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मासूम को मुरादाबाद रेफर कर दिया। इसके बाद शमशाद व राफे एंबुलेंस से मासूम का उपचार कराने मुरादाबाद रवाना हो गए। संवाद