संभल। मजदूरी के रुपए मांगने पर ग्रामीण की मारपीट कर हत्या कर दी गई है। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा। घटना गांव बेहटा जयसिंह की है।
शुक्रवार की शाम साढ़े पांच बजे करीब गांव बेहटा जयसिंह निवासी ग्रामीण मलखान उर्फ मल्लू पुत्र नौबत की मजदूरी के रुपए मांगने पर कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। परिजन प्राथमिक उपचार के लिए घायल ग्रामीण को अस्पताल लेकर आए। वहां ऑन ड्यूटी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन सागर ने घायल ग्रामीण मलखान (40) को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से अस्पताल में पत्नी बाला का रो-रो कर बुरा हाल रहा। मृतक के छोटे भाई पुत्तन का कहना था कि गांव के कुछ लोगों ने उसके बड़े भाई मलखान के साथ मारपीट की। इससे उसके भाई की जान चली गई। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र त्यागी ने बताया कि मृतक के भतीजे रंजीत की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि गांव में एक व्यक्ति का मकान बन रहा था। चाचा मलखान ने वहां मजदूरी की थी। शाम के समय चाचा उस व्यक्ति से रुपये मांगने गए, तो उसने अपने साथियों के साथ उसके चाचा के साथ मारपीट की। इससे चाचा मलखान की जान चली गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव के ही भूरे समेत अन्य तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। वहीं आरोपी भूरे को गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है।