रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 50 वर्षीय वृद्ध का शव गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। परिजनों के अनुसार व्यक्ति ने आत्महत्या की है। यह कदम पारिवारिक विवाद के चलते उठाया है।
रविवार की शाम ग्रामीण का परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद ग्रामीण घर से जंगल की ओर चला गया। परिवार के लोगों ने देर रात तक न लौटने पर तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने वृद्ध का शव नीम के पेड़ से कपड़े के सहारे लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। शव को नीचे उतारकर परिजन घर ले गए और पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। रजपुरा थाने की टी-पॉइंट चौकी के दरोगा रविंद्र सिंह ने बताया पुलिस को कोई सूचना नहीं मिली है।