बहजोई। सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान को लेकर सीएमओ दफ्तर पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. पंकज कुमार विश्नोई ने बताया कि जिले में सात मार्च से सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 4.0 चलाया जाएगा। यह अभियान तीन चरणों में चलाया जाएगा। इनमें प्रथम चरण सात मार्च को, द्वितीय चरण चार अप्रैल व तृतीय चरण दो मई को होगा।
सीएमओ ने बताया कि अभियान के तहत 0 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आठ जानलेवा बीमारियों (टीबी, गलाघोंटू, काली खांसी, टिटनेस, दिमागी बुखार, पीलिया, खसरा व पोलियो) तथा गर्भवती महिलाओं के लिए 1292 सत्र ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में लगाए जाएंगे। इनमें 19894 बच्चों व 6669 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों को लेकर विभाग की ओर से विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान को लेकर सभी आशाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व एएनएम समेत समाजसेवी संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा। इस दौरान डिप्टी सीएमओ डा. विश्वास अग्रवाल, डा. संतोष कुमार, एआरओ महेश चंद्र गौतम तथा डब्ल्यूएचओ से दानिश सुहैल, यूनिसेफ से प्रवीन सक्सेना, यूएनडीपी से अरशद रसूल, सीएचएआई से डा. अनस व अरबाव मेंहदी मौजूद रहे।