चंदौसी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर जिले में 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों को लेकर विभाग के पास ऑनलाइन व ऑफलाइन लगभग 74 आपत्तियां दर्ज हो चुकी हैं। कई स्कूलों ने कहा है कि पिछले केंद्रों को सूची में शामिल नहीं किया तो वहीं कुछ ने केंद्रों में सुविधाओं की कमी बताई है। सभी आपत्तियों की जांच जनपदीय समिति 11 दिसंबर तक पूरा करेगी।इस बार यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिले में 69 केंद्रों की सूची तैयार की गई है। छात्रों को परीक्षा केंद्र भी आवंटित कर दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षा प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि चार दिसंबर तक परीक्षा केंद्रों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन आपत्तियां मांगी गई थीं। आखिरी दिन तक विभाग को करीब 74 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इनमें परीक्षा कराने के लिए पर्याप्त साधन नहीं हैं। पिछले वर्ष परीक्षा केंद्र बने विद्यालयों को सूची में शामिल नहीं किया गया है या फिर परीक्षा केंद्र दूर बनाए गए हैं। इस तरह की आपत्तियां आई हैं।
बोर्ड परीक्षा प्रभारी ने बताया कि अब प्राप्त हुई सभी आपत्तियां एकत्रित कर इनकी जांच कराई जाएगी। साथ ही, 11 दिसंबर तक इनका जिला स्तरीय कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।