बहजोई(संभल)। एक तो पहले से ही विभाग के मूल कार्य से हटकर कई विभागों का कार्य करना पड़ रहा है। दूसरे, अब ऑनलाइन हाजिरी का भी दबाव है। ऐसे में मुश्किल हो रही है। यह बात संचालन करते हुए ग्राम विकास अधिकारी-ग्राम पंचायत अधिकारी समंवय समिति के ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद असलम ने कही। वह शुक्रवार को दोपहर ब्लॉक कार्यालय परिसर में चल रहे समिति के धरना प्रदर्शन में मौजूद सचिवों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के काम करने के बाद अपने मूल विभाग का काम ही मुश्किल से हो पाता है। वहीं, जिला मंत्री गौरव कन्नौजिया का कहना था कि ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों पर पहले से ही दूसरे विभागों के कार्य कराने को लेकर दबाव है। अब ऑनलाइन हाजिरी सचिवों की मुश्किल का सबब बन रही है। इस पर ध्यान दिया जाए। वहीं, कई विभागों में अभी भी कर्मियों के लिए ऑनलाइन हाजिरी का प्रावधान नहीं है।
इस बीच अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। इसके बाद पदाधिकारियों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन बीडीओ ओमवीर सिंह को दिया। धरने पर पदाधिकारियों ने जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन पर आकाश चौहान, सुभाष कुमार, अरुण यादव, अजय यादव व धीरेंद्र औलख आदि रहे।