कुढ़फतेहगढ़। थाना क्षेत्र के गांव दारनी में बुधवार की रात सड़क किनारे बैठे छुट्टा पशुओं को पशु चोरों ने वाहन में चढ़ाने की कोशिश की। आहट पर ग्रामीण जाग गए और शोर मचा दिया। चोर छुट्टा पशुओं को छोड़कर वाहन लेकर फरार हो गए। भागते समय एक चोर का मोबाइल वहीं गिर गया। उसे ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया है।
थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र में चोर छुट्टा पशुओं को निशाना बना रहे हैं। बुधवार की रात गांव दारनी में बाहरी छोर पर सड़क किनारे कुछ छुट्टा पशु बैठे थे। तभी एक डीसीएम आकर रुकी और वाहन में बैठे तीन-चार लोगों ने सड़क किनारे बैठे आवारा पशुओं को डीसीएम में चढ़ाने की कोशिश शुरू कर दी। आहट होने पर कुछ दूरी पर गांव में बाहर सो रहे ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों ने टार्च की रोशनी सड़क की तरफ की, तो चोर वाहन में पशुओं को चढ़ाते दिखाई दिए। ग्रामीणों ने शोर मचा दिया और सड़क की तरफ दौड़े।
ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख पशु चोर वाहन लेकर फरार हो गए। जल्दी में एक चोर का मोबाइल सड़क पर गिर गया। जिसे ग्रामीणों ने सड़क से उठा लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जानकारी कर वापस लौट गई। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन पशु चोरों की दस्तक क्षेत्र में बनी रहती है। सूचना के बाद भी पुलिस पशु चोरों पर लगाम लगाने में नाकाम बनी है। जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।