संभल-मुरादाबाद मार्ग पर हादसे की जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के संभल-मुरादाबाद मार्ग स्थित बहमन पब्लिक स्कूल के नजदीक भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर डिवाडर पर चढ़ गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
कस्बा सिरसी के बहमन पब्लिक स्कूल के नजदीक सोमवार की सुबह करीब नौ बजे बिलारी की ओर से महमूदपुर माफी की ओर जा रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। ट्रैक्टर के डिवाइडर पर चढ़ने से ट्राली में भरा भूसा बिखर गया। भूसे में दबने से मुरादाबाद के थाना भोजपुर के गांव गजरौला सेद निवासी ट्रैक्टर चालक इरफान (35) पुत्र महमूद और ट्राली पर बैठे रिजवान, इमरान, नसीम, मोहम्मद रिजवान और सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को भूसे के अंदर से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। जहां ट्रैक्टर चालक इरफान की मौत हो गई। वहीं घायलों ने बताया कि पिकअप गाड़ी ट्रैक्टर-ट्राली के पीछे आ रही थी। पिकअप गाड़ी भी डिवाइडर से टकरा गई। पिकअप में सवार लोग आरोप लगाने लगे कि ट्रैक्टर की वजह से पिकअप डिवाइडर से टकराई है। पुलिस के आते ही पिकअप में सवार लोग पिकअप वहीं छोड़कर भाग गए। हजरतनगर गढ़ी थाने के इंस्पेक्टर सीवी सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।