संभल। संभल-गवां मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली ने पीछे से सड़क पर चल रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हादसा मोतीनगर गांव के नजदीक मंगलवार को 11 बजे के करीब हुआ। जिसकी तहरीर पुलिस को दी गई है।
हयातनगर थाना क्षेत्र के मोतीनगर गांव निवासी दाताराम (60) पुत्र मोतीराम मंगलवार की सुबह गांव बेनीपुर पैदल गए थे। घर लौटते समय संभल-गवां मार्ग पर मोतीनगर के पास पीछे से आए ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। इससे दाताराम घायल हो गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। दरअसल, दाताराम मेहनत मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। बेनीपुर गांव में किसी पर मजदूरी के रुपये थे, जिसे लेने के लिए दाताराम गए थे। घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए और जान चली गई। वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हयातनगर थाने के इंस्पेक्टर राजेश सोलंकी ने बताया कि तहरीर मिली नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रैक्टर कब्जे में ले लिया गया है।