निरीक्षण में बंद मिले पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के तीन परिषदीय विद्यालयों के स्टॉफ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है। खंड शिक्षा अधिकारी की आख्या के आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ये कार्रवाई की है। बताते चले कि 25 अप्रैल को एबीएसए ने निरीक्षण किया। इसमें स्टॉफ अनुपस्थित मिला था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका चतुर्वेदी ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी, पवांसा ने 25 अप्रैल को उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बाबई, उच्च प्राथमिक विद्यालय पवांसा और प्राथमिक विद्यालय तिगरी का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्कूल का स्टॉफ अनुपस्थित मिला था। निरीक्षण के समय ग्रामीणों ने बताया था कि स्कूल कभी समय से खुलते ही नहीं हैं। इसकी रिपोर्ट मिली तो कार्रवाई की गई।
बीएसए ने बताया कि तीनों स्कूलों के समस्त स्टॉफ के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई है। एक सप्ताह के अंदर जवाब मांगा गया है। यदि इस अवधि में जवाब नहीं मिला तो अगली कार्रवाई की जाएगी।