गुन्नौर(संभल)। गांव पतेई कायस्थ में ग्राम प्रधान के घर फर्जी आधार बनाए जा रहे थे। पुलिस ने सूचना पर छापा मारकर प्रधान समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया और रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया। पुलिस ने मौके से दो आधार कार्ड, एक लैपटॉप, एक सीडी, एक प्रिंटर/स्कैनर, एक फिंगर प्रिंट स्कैनर आदि सामान भी बरामद किया है।
गुन्नौर के थाना प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि रविवार को गांव पतेई कायस्थ में फर्जी आधार कार्ड बनाने की सूचना मिली थी। सूचना पर गांव पहुंची पुलिस को ग्राम प्रधान के घर तीन युवक फर्जी आधार कार्ड बनाते मिले, जिनमें ग्राम प्रधान अरविंद कुमार भी शामिल थे। पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अन्य दो आरोपियों ने अपने नाम सुनील कुमार निवासी अजीजपुर, अवनेश कुमार निवासी अहरौला नौआबाद बताए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक रसीद आधार कार्ड, दस फार्म आधार कार्ड बनाने को भरे हुए, दो फार्म आधार कार्ड बिना भरे, दो आधार बने हुए, एक लैपटॉप, एक सीडी, एक प्रिंटर/स्कैनर, एक फिंगर प्रिंट स्कैनर, एक आई स्कैनर, एक कैमरा, एक लैपटाप, एक डाटा केबल, एक एक्सटेंशन विद्युत बोर्ड, एक फोरपोर्ट यूएसबी, एक स्टांप पैड बिना कवर, एक मोहर ग्राम प्रधान, एक एंड्रोयड मोबाइल, 600 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दर्ज कर जेल भेज दिया।
फर्जी आधार कार्ड बनाने हुए ग्राम प्रधान समेत तीन युवकों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। उसके पास से आधार कार्ड बनाने के सभी उपकरण बरामद हुए हैं।
देवेंद्र कुमार शर्मा, सीओ गुन्नौर