कुढ़फतेहगढ़। चोरों ने रविवार की रात चंदौसी से दारनी बिजलीघर जा रही हाईटेंशन लाइन को ब्रेक डाउन कर दिया और करीब आठ खंभों का 2900 मीटर तार काट लिया। इस दौरान पेट्रोलिंग को पहुंचे बिजली कर्मचारियों को देेखकर चोर काटा हुआ तार छोड़कर फरार हो गए। विभागीय टीम को पूरा तार मौके पर ही मिल गया है। अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। एक माह में तार चोरी की यह दूसरी घटना है।
चंदौसी बिजलीघर से कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के दारनी बिजली घर के लिए हाईटेंशन लाइन जा रही है। रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे चोरों ने चलती हुई लाइन में ब्रेक डाउन कर दिया। गांव गणेशपुर के पास जंगल में लाइन के तार काट दिया। चोरों ने आठ खंभों के करीब 2900 मीटर तार काट लिए। तारों को काटकर उनके बंडल बना लिए।
रात के समय अचानक बिना सूचना के आपूर्ति बाधित होने पर दारनी बिजलीघर के एसएसओ ने अवर अभियंता संजय शर्मा को सूचना दी। अवर अभियंता संजय शर्मा ने चंदौसी मुख्यालय पर संपर्क किया, तो बताया गया कि लाइन ब्रेकडाउन में चली गई है। पेट्रोलिंग करके पता लगाएं, कि कहां से लाइन गड़बड़ हुई है। सूचना पर तुरंत ही दारनी बिजली घर से जुड़े विद्युत कर्मी रात्रि में ही बड़ी लाइन की पेट्रोलिंग करने निकल पड़े। पेट्रोलिंग करते-करते जब गणेशपुर के जंगल में पहुंचे, तो उन्हें खंभों के नीचे पड़े तार हिलते हुए दिखाई दिए। उन्होंने शोर मचा दिया और थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर रात्रि में ही थाना कुढफतेहगढ़ पुलिस एवं डायल 112 पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौके से चोर जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने रात में ही चोरों को पकड़ने के लिए कांबिंग की, पर कोई सफलता नहीं मिली। बिजली कर्मचारियों को मौके पर ही आठ खंभों से उतारे गए तार पड़े हुए मिल गए। अवर अभियंता की ओर से अज्ञात चोरों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी गई है।