धनारी (संभल)। गांव बगढ़ेर के पास बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड लगने से घायल हुए भिरावटी गांव निवासी मुकेश कुमार (25) की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
क्षेत्र के गांव भिरावटी निवासी मुकेश कुमार (25) पुत्र रामदास के परिवार में पत्नी पूजा के अलावा एक बेटा व एक बेटी है। वह खेती किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बृहस्पतिवार को वह गांव के ही प्रमोद कुमार के साथ बाइक से धनारी के बाजार में सब्जी खरीदने गया था। वहां से लौटते समय रात करीब आठ बजे गांंव बगढ़ेर के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली की साइट लगने पर बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। हादसे में मुकेश कुमार को गंभीर चोट आई थीं। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां से डॉक्टरों ने उसे गंभीर हालत में मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया था। जहां पर शनिवार दोपहर 11 बजे करीब युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।