संभल। जिले में पीएसी बटालियन जल्द स्थापित की जाएगी। इसकी प्रक्रिया जिला प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गई है। पीएसी के अधिकारियों को रिपोर्ट भी दे दी गई है। अब पीएसी की ओर से शासन से धन की मांग की जानी है। धन आवंटित होते ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शासन ने संभल जिले में पीएसी बटालियन की स्थापना को काफी समय पहले मंजूरी दी थी। मुरादाबाद में स्थापित 24वीं पीएसी बटालियन को संभल में स्थानांतरित करने के लिए शासन की ओर से आदेश किए गए। इसी क्रम में कवायद शुरू हुई। शुरूआती प्रक्रिया में गांव ऐदलपुर और दतावली में 93 एकड़ भूमि चिह्नित की गई थी। अब 60 एकड़ भूमि को चिह्ति किया गया है। 24वीं पीएसी बटालियन मुरादाबाद के कमांडेंट और संभल जिले के पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र, व अन्य अधिकारियों ने चिह्ति भूमि का निरीक्षण कर फाइनल कर दिया था। इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन की ओर से पीएसी के अधिकारियों को भी भेज दी गई है। तहसीलदार मनोज कुमार सिंह ने बताया कि संभल जिले से प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पीएसी स्तर से ही कार्य किया जाना है। शासन से धन मिलने के बाद भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। बताया कि किसानों से सहमति पत्र पहले ही लिए जा चुके हैं। चिह्नित भूमि पर जितने किसानों से सहमति पत्र लिए गए होंगे उन्हीं की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।