बहजोई। सड़क निर्माण को लेकर अब नगर पालिका परिषद को बिजली विभाग से नया एस्टीमेट मिलने का इंतजार है। नया एस्टीमेट न मिलने से सड़क निर्माण का कार्य फंसा हुआ है। यह हाल तब है जबकि करीब सालभर पहले सड़क निर्माण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई थी। सड़क निर्माण न होने से लोग मुश्किल में हैं। मामला नगर के रेलवे स्टेशन रोड पर सार्वजनिक पार्क से लेकर फैक्टरी कालोनी के मोड़ तक सड़क निर्माण होने का है।
रेलवे रोड पर करीब चार सौ मीटर लंबाई की इस सड़क के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया तो समय रहते पूरी हो गई, लेकिन निर्माण कार्य लगातार प्रभावित रहा। पालिका प्रशासन के मुताबिक सड़क निर्माण को लेकर बीच में लगे पुराने विद्युत पोल हटाए जाने थे और उनके स्थान पर नए विद्युत पोल लगने थे। इसको लेकर बिजली विभाग से काफी दिन बाद एस्टीमेट मिला। इस पर एस्टीमेट की रकम के तौर पर करीब सवा सात लाख रुपये की धनराशि भी विद्युत विभाग में जमा करा दी गई थी।
अब नागरिकों की ओर से रबड़ चढ़े हुए विद्युत तार लगवाए जाने की मांग उठी। इसको लेकर विद्युत विभाग की ओर से एस्टीमेट में बढ़ोत्तरी की बात कही गई। अब पालिका का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से बढ़ोत्तरी का एस्टीमेट मिल जाए तो एस्टीमेट की रकम जमा कर दी जाएगी। इससे विद्युत पोल लगने का कार्य भी शुरू हो जाएगा और सड़क का निर्माण कार्य भी प्रारंभ करा दिया जाएगा। बावजूद इसके विद्युत विभाग की ओर से बढ़ोत्तरी वाले नए एस्टीमेट के न मिलने से विद्युत पोल लगने व सड़क निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
बढ़े हुए नए एस्टीमेट को लेकर नगर पालिका परिषद से बातचीत की जाएगी। समय रहते पालिका को नया एस्टीमेट उपलब्ध करा दिया जाएगा।
गुड्डू कुमार, जेई विद्युत उपखंड, बहजोई