भाकियू असली की मासिक पंचायत में शामिल किसान।
- फोटो : BABRALA
संभल। भारतीय किसान यूनियन असली की मासिक पंचायत में बिजली समस्या का मुद्दा छाया रहा। आक्रोशित किसानों ने मौके पर पहुंचे एसडीओ व जेई को अपने बीच जमीन पर बैठा लिया और एक्सईएन की बुलाने की मांग पर अड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीन दिन में समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन देकर धरना स्थगित करा दिया।
शुक्रवार को भाकियू असली की मासिक पंचायत जनता जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में हुई। इसमें दो सौ से अधिक किसान शामिल हुए। पंचायत में सभी किसानों ने बिजली समस्या को लेकर नाराजगी व्यक्त की और पास में ही स्थित धनारी बिजलीघर पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों की समस्या सुनने के लिए बिजली विभाग के एसडीओ उदित यादव, जेई योगेंद्र प्रसाद धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों ने नारेबाजी करते हुए एसडीओ और जेई को धरनास्थल पर अपने बैठा लिया। किसान एक्सईएन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। भाकियू असली के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह यादव ने कहा कि डूडाबाग गांव में काफी समय से ट्रांसफार्मर फुंका हुआ है। इस कारण किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने शेड्यूल के मुताबिक बिजली दिलाने की मांग की। इस मौके पर मोरध्वज यादव, भूरे सिंह, अशिक रजा, राजपाल सिंह, दिलीप कुमार, कुमरसेन यादव, विमला यादव, चंद्रप्रकाश यादव, संतोष यादव, जाकिर हुसैन, मोहनलाल, रामवीर सिंह, जयवीर सिंह, प्रकाशवीर यादव आदि मौजूद रहे।