संभल। चकबंदी न्यायालय का गेट टूटा हुआ मिलने से हड़कंप मच गया है। घटनास्थल पर कई पत्रावली बिखरी पड़ी हुई थीं। इससे अंदेशा है कि पत्रावली चोरी की गई हैं। घटना की सूचना दोपहर में पुलिस को दी गई। सीओ चकबंदी अपने न्यायालय में 11.20 बजे पहुंचे। इस पर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जाहिर की। इस घटना के संबंध में चकबंदी सीओ की ओर से कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
संभल की पुरानी तहसील में चकबंदी न्यायालय है। शनिवार की सुबह जब न्यायालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पहुंचे, तो उन्होंने न्यायालय के गेट को टूटा हुआ देखा। चोरी होने का अहसास हुआ तो चकबंदी सीओ विजय शंकर सिंह को सूचना दी गई। चकबंदी न्यायालय में चोरी होने की जानकारी पर अधिवक्ता भी एकत्र हो गए। न्यायालय में काफी सामान इधर उधर बिखरा हुआ था। इससे अंदेशा है कि पत्रावली चोरी की गई हैं। एसओसी का कहना है कि पत्रावली चेक कराएंगे। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
ट्रेजरी से 10 मीटर दूरी पर है चकबंदी न्यायालय
संभल। पुरानी तहसील पर चकबंदी न्यायालय के नजदीक ही करीब 10 मीटर की दूरी पर ट्रेजरी कार्यालय है, जहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहती है। सवाल यह उठता है कि जब यह घटना हुई, तब पुलिस कर्मी कहां थे। इतने करीब की जानकारी कैसे नहीं हो सकी। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी होने के बाद भी किस मकसद से घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस इस मामले में पूरी जांच कर रही है।
अधिवक्ताओं ने घटना को किसी की साजिश बताया
संभल। चकबंदी न्यायालय में हुई घटना को अधिवक्ता पत्रावली चोरी कराने की साजिश बता रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि हो सकता है किसी मामले की कोई जांच चल रही हो और उसकी पत्रावली चोरी करने की साजिश की गई हो। पुलिस को जांच करनी चाहिए और इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
शासन के आदेश के बाद से सभी चकबंदी न्यायालय का रिकॉर्ड ऑनलाइन है। संभल में रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं किया गया है। यदि इस घटना में पत्रावली चोरी की गई हैं तो लंबित मामले का निर्णय कैसे होगा। यह बड़ी लापरवाही है। इसमें विस्तृत जांच करानी चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदीप कुमार गुप्ता, अध्यक्ष, संभल बार एसोसिएशन, संभल।
चकबंदी न्यायालय का गेट टूटा मिला है और कुछ पत्रावली इधर उधर पड़ी मिली हैं। पत्रावली को चेक कराएंगे। एक लिपिक की अलमारी की फाइल चेक करानी हैं वह अभी छुट्टी पर हैं। उनके आने पर फाइलों को चेक कराया जाएगा, जिसके बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि पत्रावली कोई चोरी हुई है या नहीं। फिलहाल कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
सचेंद्र कुमार सिंह, एसओसी, संभल
सीओ बोले, मुझे नहीं मिली सूचना
संभल। पुरानी तहसील परिसर में स्थित चकबंदी न्यायालय में ट्रेजरी के नजदीक पत्रावली चोरी होने की जानकारी पुलिस के अधिकारियों तक नहीं पहुंची। यह बात हैरान कर देने वाली है। जहां ट्रेजरी पर पुलिस पहरा देती है और उससे कुछ ही दूरी पर चकबंदी न्यायालय में चोरी की घटना का अंदेशा है। जब इस मामले की जानकारी सीओ जितेंद्र सिंह से की, तो उन्होंने बताया कि उन्हें न कोई सूचना मिली है और न उन्हें कोई जानकारी है।
मुझे दोपहर बाद घटना की सूचना मिली है। मौके पर जांच पड़ताल की है। पत्रावली चोरी होने की जानकारी की गई है, लेकिन किसी ने कोई सही जानकारी नहीं दी। मुझे घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पंकज लावानिया, कोतवाल, संभल