संभल। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगा शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने पीड़ित परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने और उन्होंने शव का अंतिम संस्कार किया।
नखासा थानाक्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी कौशेंद्र (24) शुक्रवार की शाम बाइक से दवाई लेने के लिए गांव मन्नीखेड़ा गया था। युवक घर लौटते समय मन्नीखेड़ा-देहपा मार्ग पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। यूपी 112 पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने हादसे की दर्ज की। इसमें अज्ञात वाहन चालक को आरोपी बनाया गया। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो वह भड़क गए।
शनिवार शाम चार बजे जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने गांव निवासी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। हंगामे की सूचना पर एसडीएम रमेश बाबू और सीओ जितेंद्र सिंह संभल कोतवाली, थाना हजरतनगर गढ़ी, हयातनगर और असमोली थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक युवक के चाचा रामगोपाल ने कहा कि उनके भतीजे की गांव निवासी युवक ने शराब पिलाकर हत्या की है।
पुलिस ने रिपोर्ट हादसे की दर्ज की है। एसडीएम और सीओ ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन माने और दो घंटे के हंगामे के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक युवक की पत्नी गीता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। नखासा थाना इंस्पेक्टर का कहना है कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज है, जो तहरीर मिली है उसकी जांच की जा रही है। जांच में युवक आरोपी पाए जाने पर मुकदमा हत्या की धारा में तरमीम कर दिया जाएगा।