संभल। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले संभल के सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने इस बार जनसंख्या को लेकर बयान दिया है। सांसद का कहना है कि सरकार जनसंख्या कानून लाने के बजाए शिक्षा के स्तर में सुधार करे। आगे कहा कि 2024 का चुनाव आ रहा है इसलिए सरकार अपनी ओर ध्यान खींच रही है। दरअसल यह बयान सांसद ने मीडिया कर्मियों को जनसंख्या कानून लाने के सवाल पर दिया।
सांसद ने कहा कि औलाद का ताल्लुक इंसान से जाति तौर पर नहीं है। अल्लाह औलाद से नवाजता है और बच्चे का रिज्क भी देता है। सरकार जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून लाना चाहती है लेकिन सरकार को कानून न लाकर शिक्षा के स्तर पर ध्यान देना चाहिए। जब शिक्षा के स्तर में सुधार होगा तो जनसंख्या खुद काबू होने लगेगी। सांसद ने आगे कहा कि 2024 का चुनाव आ रहा है। इसलिए सरकार अपनी ओर ध्यान खींचने के लिए ऐसे कानून का जिक्र कर रही है। सांसद ने कहा कि इस देश में बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। सरकार युवाओं के लिए रोजगार का इंतेजाम तो कर नहीं पा रही है, जबकि रोजगार देश के युवाओं के लिए सबसे पहले है।