चंदौसी। मोहल्ला बड़ा बाजार में ठेले में ई-रिक्शा की टक्कर लगने से पास में खस्ता कचौरी खा रहे एक बालक के ऊपर गर्म कड़ाही का तेल आ गिरा। जिससे घायल गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है।
चंदौसी के मोहल्ला महाजन कबीर गली निवासी इरफान अपने सात वर्षीय बेटे इजहार के साथ बाजार गया था। बड़ा बाजार में बेटे ने खस्ता कचौरी खाने की जिद की। पिता-पुत्र दोनों ठेले पर खड़े होकर खस्ता कचौरी खाने लगे। बाजार में भीड़ काफी थी। इस दौरान बाजार में जा रही ई-रिक्शा की टक्कर खस्ता कचौरी के ठेले से हो गई। जोर का झटका लगने से ठेले पर रखी कड़ाही से तेल छिटक कर पास में खड़े इजहार के ऊपर जा गिरा।
तेल गर्म होने से बालक झुलस गया। उसे उपचार के लिए आनन फानन सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया गया। भीड़ ने मौके पर ही आरोपी ई-रिक्शा चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित बालक के पिता ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है।