चंदौसी(संभल)। 22 दिसंबर को चंदौसी के मोहल्ला गोपाल में रिफाइंड एवं तेल के थोक व्यापारी से पांच लाख की लूट हुई थी। नेहटा चौराहे पर चेकिंग के दौरान रविवार को बदमाशों से मुठभेड़ हुई। फायरिंग में तीन बदमाश व एक सिपाही घायल हुआ था। चौथा बदमाश मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने फरार बदमाश को सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। सभी बदमाशों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रविवार की दोपहर कोतवाली पुलिस नेहटा चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को मारुति वैन आती नजर आई। पुलिस को देख बदमाशों ने वैन मोड़ने का प्रयास किया तो सड़क किनारे खाई में पलट गई थी। इस बीच बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी थी। इस बीच पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो थे, जबकि एक बदमाश फरार हो गया था। साथ ही बदमाशों की फायरिंग की एक कांस्टेबिल भी घायल हुआ गया था।
पुलिस फरार हुए बदमाश की तलाश में जुटी रही। सोमवार की सुबह करीब सवा चार बजे पुलिस गश्त कर रही थी। रेलवे स्टेशन के बाहर खोखे के पास वाहन का इंतजार कर रहे बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम अरविंद कुमार निवासी बढ़ई बस्ती थाना नखासा बताया। पुलिस ने सोमवार को बदमाश परवेज, मुकेश, मुनेश व अरविंद कुमार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि अरविंद कुमार रिफाइंड व तेल व्यापारी के साथ हुई लूट में शामिल नहीं था। मगर रविवार को पुलिस के साथ हुई बदमाशों की मुठभेड़ में शामिल था।
मुरादाबाद पुलिस ने की बदमाशों से पूछताछ
चंदौसी। कोतवाली पुलिस ने नेहटा चौराहे पर मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया था। तीनों बदमाशों के विरुद्ध मुरादाबाद में भी कई अभियोग पंजीकृत हैं। बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना मिलने पर मुरादाबाद पुलिस ने कोतवाली में पहुंच आरोपियों से पूछताछ की। मुरादाबाद पुलिस सोमवार की दोपहर बदमाशों से पूछताछ के बाद रवाना हो गई।