लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को चंदौसी में मेडिकल कॉलेज बनवाने की मांग को लेकर पत्र सौंपतीं म
- फोटो : CHANDAUSI
जनपद के सिरसी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अपनी बेटी ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा के साथ लखनऊ में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिलीं। उन्होंने चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनवाने की मांग की।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी सोमवार को लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके कार्यालय में मिलीं। उनके साथ उनकी बेटी बनियाखेड़ा की ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा भी थीं। उन्होंने डिप्टी सीएम को दिए पत्र में कहा कि संभल में मेडिकल कॉलेज निर्माण की क्षेत्रीय जनता और उनके प्रयास से स्वीकृति मिली है। स्थानीय प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज स्थापना के लिए सिरसी में स्थान चिह्नित किया है, जो एक वर्ग विशेष के लोगों से घिरा हुआ है। जनपद में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए चंदौसी, बहजोई अथवा बनियाखेड़ा में से किसी एक स्थान पर बनाने की मांग उन्होंने उठाई। ताकि समान रूप से सभी वर्गों को चिकित्सा शिक्षा का समुचित लाभ प्राप्त हो सके। डिप्टी सीएम को दिया गया मांग पत्र ब्लॉक प्रमुख डॉ. सुगंधा सिंह के लैटर पेड पर था।
मेडिकल कॉलेज बनवाने के लिए क्षेत्रीय जनता व हम पहले से ही प्रयासरत थे। अब शासन ने स्वीकृति दी है। चंदौसी विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनवाने की मांग को लेकर डिप्टी सीएम से मुलाकात की है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा, ताकि आमजन को लाभ मिल सके।
गुलाब देवी, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार)