बहजोई में कलक्ट्रेट सभागार में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान नियुक्त पत्र के साथ शिक्षक व ?
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के तहत रिक्त पदों पर नियुक्त अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया गया। इसमें 63 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र बांटे गए।
लखनऊ में हो रहे सहायक अध्यापकों को नियुक्ति-पत्र वितरण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण शुक्रवार दोपहर 12 बजे कलक्ट्रेट सभागार में दिखाया गया। दोपहर डेढ़ बजे करीब मुख्य अतिथि राज्यमंत्री माध्यमिक शिक्षा गुलाब देवी, गुन्नौर विधायक अजीत कुमार यादव उर्फ राजू व भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी समेत मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी ने पांच सहायक अध्यापकों को नियुक्ति-पत्र दिया। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने शेष शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र बांटे। मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार की ओर से सभी नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को बिना सिफारिश, रिश्वत व मानसिक परेशानी के नियुक्ति पत्र मिला है। जिस प्रकार सरकार ने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है। उसी प्रकार सभी शिक्षक भी पूरी ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाने का काम करें। छात्रों को अपने बच्चों की तरह ही पढ़ाएं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अब देश का भविष्य नव नियुक्त शिक्षकों के हाथ में है। पूरी निष्पक्षता के साथ देश के भविष्य को आगे बढ़ाएं। इस बीच कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना पर नृत्य की प्रस्तुति दी। भाजपाइयों में भुवनेश राघव, विकास वार्ष्णेय, निक्की व वंशी समेत अधिकारियों में डीआईओएस मनोज कुमार आर्य, डीआईओ बृजेश कुमार व एएओ यूपी सिंह समेत डीसी दीनदयाल शर्मा, शैलजा मिश्रा व मुकेश पाठक, संजय गुप्ता, संजीव सिंह तथा जिले भर के बीईओ मौजूद रहे।