संभल। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के छछैरा गांव स्थित जनता इंटर कॉलेज में सोमवार को कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया था। इसमें दसवीं कक्षा की छात्रा महनिशा को भी टीका लगा था।
मंगलवार को टीका लगने के बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई। परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर जिला अस्पताल भर्ती कराया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया तो घबराहट होने का मामला सामने आया। जिला अस्पताल में उपचार देने के बाद छात्रा की सेहत में सुधार हो गया। इसके बाद परिजन घर ले गए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. पंकज विश्नोई ने बताया कि टीका लगने से छात्रा घबरा गई थी। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। हालत पूरी तरह ठीक है और छात्रा को घर भेज दिया गया है।