चंदौसी। 12 से 14 वर्ष के बच्चों को कोरोना वायरस से बचाव को लेकर शुरू किए गए अभियान में अब तक 4,620 बच्चों का टीकाकरण हुआ है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डीआईओएस व बेसिक शिक्षा अधिकारी से मांगी गई सूचना से यह जानकारी प्राप्त हुई है। हालांकि पहले होली का त्योहार और अब परिषदीय विद्यालयों में परीक्षा व निजी स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा के चलते टीकाकरण के लिए बच्चे कम पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग अब स्कूलों में ही शिविर लगाकर बच्चों का टीकाकरण कराएगा। अभियान की शुरुआत 16 मार्च से की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संभल जिले में कोरोना वायरस से बचाव के लिए 12 से 14 आयु वर्ग के 94,210 बच्चों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। शनिवार को जनपद में 38 सेशन पर टीकाकरण किया गया। इसमें चंदौसी सीएचसी पर एक सेशन में 14, पवांसा सीएचसी के पांच सेशन में 60, रजपुरा सीएचसी के एक सेशन में नौ किशोरों ने मात्र टीका लगवाया। शनिवार को जिले में सभी 38 सेशन पर 1255 किशोरों ने पहुंचकर टीका लगवाया। टीकाकरण की शुरुआत होली से पहले हुई थी। पहले दिन एक सेशन हुआ था, उसमें मात्र नौ किशोरों ने टीका लगवाया था।
होली के त्योहार व परीक्षा में धीमा रहा टीकाकरण
12 से 14 वर्ष की आयु के टीकाकरण की शुरुआत 16 मार्च को हुई थी। इसके बाद दो दिन होली की छुट्टी रही। 22 मार्च से परिषदीय विद्यालयों की परीक्षाएं शुरू हो गईं तथा निजी विद्यालयों में पढ़ाई चल रही है। इस कारण टीकाकरण का कार्य प्रभावित हो रहा है।
-
सभी स्कूलों में सेशन शुरू नहीं हुआ है। परिषदीय व निजी स्कूलों से सूचना मांगी गई है। जल्द ही विद्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे। जल्द ही टीकाकरण का कार्य पूरा कराया जाएगा।
- डा. संतोष कुमार पटेल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, संभल