संभल/ओबरी। जिले में डेंगू बुखार के मरीज लगातार मिल रहे हैं। ओबरी निवासी एक महिला की उपचार के दौरान दिल्ली में मौत हुई है। महिला के परिजनों के अनुसार महिला डेंगू से पीड़ित थी और उपचार दिल्ली में चल रहा था। वहीं दूसरी ओर जिलेभर में छह नए डेंगू के मरीज मिले हैं। एक मरीज की पुष्टि जिला अस्पताल में हुई है। दूसरे मरीज की पुष्टि संभल सीएचसी में हुई है। जबकि दो डेंगू के मरीज चंदौसी सीएचसी में मिले हैं। वहीं कुढ़फतेहगढ़ में दो ग्रामीणों में निजी अस्पताल में उपचार के दौरान डेंगू की पुष्टि हुई है।
सोमवार को जिले के नौ सीएचसी और जिला अस्पताल में 2236 मरीजों की ओपीडी हुई। इसमें 400 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। चार मरीज डेंगू के मिले हैं और एक मरीज मलेरिया से पीड़ित मिला है। वहीं असमोली ब्लॉक क्षेत्र के गांव मतावली पट्टी जग्गू निवासी मुरारी लाल सैनी की पत्नी इंदिरा सैनी की दिल्ली के अस्पताल में रविवार की रात मौत हो गई है। महिला के परिजनों का कहना है कि शुक्रवार को बुखार आया था। उपचार के लिए मुरादाबाद ले गए जहां हालत में सुधार नहीं हुआ तो दिल्ली लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। पीड़ित परिजनों के अनुसार महिला को डेंगू होने की पुष्टि मुरादाबाद के निजी अस्पताल में हुई थी। वहीं महिला के पति को भी डेंगू बताया गया है। हालत गंभीर बनी हुई है।