चंदौसी। मुठभेड़ में चंदौसी पुलिस ने ऑन डिमांड ट्रक लूटने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह के छह बदमाशों को पकड़ा है। आरोपियों ने चंदौसी में 27 मई की रात ट्रक सहित क्लीनर व चालक का अपहरण कर हत्या कर दी थी। आरोपियों की निशानदेही पर बरेली में रामगंगा पुल के नीचे से दोनों के कंकाल बरामद किए हैं। पुलिस ने लूटा गया ट्रक, तीन अन्य गाड़ी भी बरामद की है। दो अन्य आरोपियों की पुलिस को तलाश है।
चंदौसी कोतवाली में प्रेसवार्ता में एसपी चक्रेश मिश्र ने बताया कि चंदौसी पुलिस रविवार की रात गश्त पर थी। संभल रोड पर रेलवे फाटक के पास संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। ट्रक के साथ तीन अन्य गाड़ियां भी थीं। एक गाड़ी में सवार बदमाश ने तमंचे से फायर किया। पुलिस ने वहीं घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया।
आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को तीन तमंचे, पांच कारतूस, तीन चाकू, एक खोखा बरामद हुआ। पुलिस बदमाशों को पकड़कर कोतवाली ले आई। ट्रक व दो गाड़ी चोरी की निकली। पुलिस पूछताछ में आरोपी बदमाशों ने बताया कि उन्होंने अपने सरगना राजवीर सिंह राठौर के कहने पर ट्रक लूटा था। राजवीर ने स्थानीय बदमाशों से संपर्क कर ट्रक चोरी कर देने के बदले बड़ी रकम दिलाने का आश्वासन दिया था। वारदात के समय हरियाणा नंबर का ट्रक पुलिस को मिला था। उसके चेचिस नंबर से मिलान करने पर पता चला कि यह चंदौसी से लूटा गया बिहार का ट्रक है और 27 मई को चंदौसी में बीएन एडीवन कंपनी के सामने से गायब हो गया था।
बदमाशों ने पुलिस को बताया कि ट्रक चालक बिहार के जिला ईस्ट चंपारन थाना रामगढ़वा परिचालक इरशाद, चालक परमात्मा कुशवाह की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव बरेली में रामगंगा नदी पुल के नीचे फेंक दिए थे। चंदौसी से लूटे गए ट्रक को संभल में कबाड़ी को बेचने जा रहे थे, रास्ते में ही पकड़े गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरेली में रामगंगा पुल क्षेत्र से चालक, परिचालक के कंकाल बरामद कर लिए हैं।
पुलिस ने मौके से एक ट्वेरा, एक बोलेरो और एक इनोवा गाड़ी भी पकड़ी है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम बरेली के थाना बारादरी गांव चक नवादा निवासी सरगना राजवीर सिंह राठौर, थाना बनियाठेर के गांव मऊ अस्सू निवासी हरीश, चंदौसी के प्रगति विहार कालोनी निवासी किशनवीर, थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव राजथल निवासी मोमीन उर्फ राहुल, जिला पीलीभीत के थाना गजरौला निवासी शिशुपाल, थाना जहांनाबाद निवासी संतोष बताएं हैं। वारदात में दो अन्य बदमाश अभी फरार हैं।