छात्रों के दो गुटों में चली जमकर बेल्टें
चंदौसी के आवास विकास स्थित नर्सरी के पीछे सोमवार दोपहर तीन बजे करीब छात्रों के दो गुटों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से एक दूसरे के साथ गाली गलौज होने लगी। इस दौरान कुछ छात्रों ने एक दूसरे के साथ बेल्टों से मारपीट करनी शुरू कर दी।
इसे देख लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने युवकों को समझाने का भी प्रयास किया। लेकिन युवक लोगों से मारपीट करने पर उतारू हो गए। करीब आधे घंटे तक मारपीट होती रही। लोगों ने पुलिस को भी सूचना दी। लेकिन पुलिस भी मौके पर नही पहुंची।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि रविवार रात आठ बजे करीब भी यहां युवकों में जमकर मारपीट हुई थी। बताया कि आवास विकास चौराहे स्थित नर्सरी के पीछे अन्य मोहल्ले के युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। जहां शराब पी जाती है। कई बार स्थानीय निवासियों की तरफ से पुलिस को मौखिक व लिखित रूप से शिकायत की जा चुकी है।