बनियाठेर थानाक्षेत्र के गांव में छात्रा को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने वाले शोहदे की परिजनों ने जमकर धुनाई की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। आरोपी शोहदे, छात्रा के पिता व भाई का शांतिभंग में चालान कर दिया है। कक्षा दस की छात्रा ने पुलिस बताया कि वह बहजोई के एक निजी विद्यालय में कक्षा दस की छात्रा है।
गांव से वह रोजाना टेंपो से विद्यालय जाती है। पड़ोस का ही युवक विकेश कुमार रास्ते में आते जाते छेड़खानी व अश्लील हरकतें करता है। आरोपी ने दस दिन पहले उसे टेंपो में से हाथ पकड़कर खींचा था। परिजनों से इस बात की शिकायत की थी।
रविवार को आरोपी ने उसके व्हाट्स पर अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए और जंगल में मिलने के लिए बुलाने लगा। इस मामले की शिकायत उसने अपने पिता व भाई से की। दोनों मौके पर पहुंच गए और आरोपी युवक को पकड़ लिया। दोनों ने उसकी जमकर धुनाई की।
इसके बाद पुलिस 112 को फोन पर सूचना देकर उन्हें सौंप दिया। इस मामले में पुलिस ने छात्रा को बुलाकर उसके बयान दर्ज किए हैं। साथ ही पुलिस ने आरोपी विकेश के साथ छात्रा के पिता व भाई को भी पकड़ लिया। तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
छात्रा ने छेड़छाड़ व अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाया था। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। मामला एक ही गांव का होने पर दोबारा विवाद की आशंका को देखते शांतिभंग में चालान किया है।
- राकेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक बनियाठेर।