तीन कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के छह माह पूरे होने पर बुधवार को किसान संगठनों के आह्वान पर किसानों ने काला दिवस मनाया। किसान नेता अपने घर और वाहनों पर काले झंडे लगाकर विरोध जता रहे हैं। भाकियू पदाधिकारियों ने धनारी क्षेत्र के गांव भागनगर में पदाधिकारियों द्वारा गांव में काले झंडे लेकर फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए।
वहीं गांव के चौराहे पर किसान नेताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद रहे। वही उधरणपुर धनारी, धनारी, दिनोरा वहीपुर, गड़ा, कुबरी भूड़, जयराम नगर, पिपलवाला में गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका गया।
किसानों के काला दिवस के साथ ही जिले में अन्य जगहों पर विरोध प्रदर्शन की तैयारी चल रही है। संभल कस्बे में सपा और कांग्रेस ने भी किसानों को समर्थन दिया है और आंदोलन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेगी। इस मौके पर भाकियू के जिला संगठन मंत्री संजीव यादव, युवा जिला अध्यक्ष मुकेश यादव, जिला सचिव मनवीर यादव व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।