संभल जिले के गांव सिकंदरपुर खागी में पीएनबी शाखा प्रबंधक दुर्गेश कुमार गुप्ता को गाजियाबाद की सीबीआई टीम ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। रिश्वत की यह मांग चार लाख रुपये लोन (केसीसी) के एवज में की गई थी। 20 हजार रुपये की मांग के बाद छह हजार रुपये पर बात तय हो गई।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदपुर खागी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक दुर्गेश कुमार गुप्ता और रिकवरी एजेंट हरस्वरूप उर्फ ख्याली राम के गिरफ्तार होने के बाद वैकल्पिक व्यवस्था से शाखा में काम चलाया गया। जो कर्मचारी छुट्टी पर थे उन्हें वापस बुलाया लिया। तब शाखा का कार्य सुचारू हो सका।
सीबीआई टीम ने करीब 15 घंटे कार्रवाई की। बुधवार की दोपहर तीन बजे करीब शाखा में रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। इसके बाद मोबाइल, दस्तावेज और कंप्यूटर की छानबीन की जाती रही। शाखा प्रबंधक समेत सभी कर्मचारियों से पूछताछ की और बृहस्पतिवार की सुबह छह बजे करीब कर्मचारियों को शाखा से घर के लिए भेज दिया।
शाखा प्रबंधक और रिकवरी एजेंट को गिरफ्तार कर गाजियाबाद ले गए। एलडीएम अमित विश्नोई ने बताया कि जो कर्मचारी छुट्टी पर थे। उनकी छुट्टी रद्द कर वापस बुलाया गया। इसके बाद शाखा में कार्य हुआ है।