संभल। भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों पर हमला करने आरोप में पुलिस ने असमोली विधानसभा सीट से विधायक और सपा प्रत्याशी पिंकी यादव के पति समेत पांच के नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं उड़नदस्ता टीम तीन सपाइयों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा और पुलिस कर्मियों से मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार की रात करीब नौ बजे कैलादेवी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी खिरनी के सामने सपा-भाजपा के समर्थकों में विवाद हुआ था। असमोली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि उन्होंने उड़नदस्ता टीम की चेकिंग के लिए कार रोकी थी। इसी दौरान सपा प्रत्याशी पिंकी यादव के पति प्रमोद यादव अपने साथियों के साथ आए और मारपीट की। भाजपाइयों ने पुलिस चौकी में जाकर बचने का प्रयास किया तो सपाइयों ने पुलिस चौकी में घुसकर भी मारपीट की।
पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद भाजपा प्रत्याशी के समर्थक नखासा थाना क्षेत्र के गांव भिड़वाड़ा निवासी राहुल की तहरीर के आधार पर विधायक पिंकी यादव के पति प्रमोद यादव, बहजोई निवासी संजीव, गांव सारंगपुर निवासी भगवानदास, बहजोई थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर निवासी लायक सिंह, सुनील व कई अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला व अन्य कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
वहीं उड़नदस्ता टीम के प्रभारी रामलखन सिंह ने लायक सिंह, सुनील और भगवानदास पर सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। सुनील और लायक सिंह को पुलिस ने मौके से पकड़ा था। जिन्हें जेल भेज दिया है।
इस मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है अन्य की तलाश की जा रही है। चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल