संभल। निबंधन विभाग ने संभल जिले में नए सर्किल रेट को लेकर जो सूची तैयार की है उसके अनुसार संभल नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में अकृषक प्लाॅटिंग वाली भूमि की दरों में 10 से 15 प्रतिशत वृद्धि प्रस्तावित की गई है। कृषि भूमि की दरें भी 10 से 12 प्रतिशत बढ़ाकर दर्शाई गई हैं। मुख्य सड़कों पर सेग्मेंट की दूरी बढ़ाई गई है। आरसीसी, आरबीसी और गार्डर पटिया के निर्माण की दरों में 1000 रुपये प्रति वर्ग मीटर की बढ़ोतरी हुई है।
सहायक महानिरीक्षक निबंधन अशोक कुमार ने बताया कि चंदौसी में अकृषक भूमि की दरों में 10 से 12 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव बना है, जिन गांवों में कॉलोनी विकसित हैं, उनके नाम से सर्किल रेट निर्धारित किया गया है। चंदौसी में कृषि भूमि की दरें 10 से 12 प्रतिशत बढ़ाकर प्रस्ताव बना है। वहीं गुन्नौर तहसील पिछड़ा क्षेत्र है, इसलिए वहां कोई खास बढ़ोतरी नहीं होनी है। लगभग पूर्व से चली आ रहीं दरें ही प्रस्ताव में शामिल की गई हैं। सहायक महानिरीक्षक निबंधन ने कहा कि नए सर्किल रेट की दरों को लेकर जो प्रस्ताव बनाया गया है उस पर 25 जुलाई तक आपत्ति एवं सुझाव मांगे गए हैं। कोई भी व्यक्ति प्रस्तावित सूची पर सुझाव एवं आपत्ति दे सकता है। जो भी आपत्ति, सुझाव आएंगे उनका निस्तारण 28 जुलाई को किया जाएगा। जिसके बाद एक अगस्त से जिले में नए सर्किल रेट को लागू किया जाना है।