संभल। बहजोई मार्ग पर सिद्धपीठ श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर (पक्का बाग) के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में सरायतरीन के मोहल्ला शाहजीपुरा निवासी मोनू (30) की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है मोहल्ले का युवक उसे घर से बुलाकर लाया और स्कूटी दे दी। लौटते वक्त हादसा हो गया। सरायतरीन का मोहल्ला निवासी सोमपाल ने बताया कि भाई मोनू जूते चप्पल बनाने का काम करता था। बृहस्पतिवार की सुबह मोहल्ले का संजीव उसके भाई को घर से बुलाकर ले गया था।
वह संभल में उतर गया और मोनू को स्कूटी देकर घर भेजा दिया, रास्ते में अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भाई सोमपाल ने बताया कि पुलिस के सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
परिजनों ने बताया कि मोनू की शादी फरवरी 2024 में हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि युवक के पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा था लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया। पंचनामा भरने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।