चंदौसी इंटर कालेज चंदौसी में इंटरमीडिएट का रिजल्ट आने के बाद खुशी की मुद्रा में छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा का परिणाम आने से पहले जहां छात्र-छात्राओं के दिलों की धड़कनें बढ़ी रहीं। वहीं अच्छे अंकों के साथ सफलता मिलने पर तमाम विद्यार्थी खुशी से झूमते दिखाई दिए। तब बड़ों ने भी बच्चों को उत्साहवर्धन किया। उनका मुंह मीठा कराया और भविष्य में भी सफलता की सीढ़ी चढ़ते रहने का आशीर्वाद दिया।
जनपद संभल में रविवार को सुबह से ही छात्र-छात्राओं में उत्सुकता का माहौल दिखा। उन्होंने अपने मोबाइल और लैपटाप पर परिणाम देखने के लिए रिचार्ज करा लिए। तमाम छात्र-छात्राओं ने साइबर कैफों का रुख किया। अपने परिचित छात्र-छात्राओं से संपर्क करने लगे।
पूछने लगे कि परिणाम आया या नहीं। जैसे ही परिणाम आया तो छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल गए। आपस में परिणाम साझा करने के साथ ही परिजनों को जानकारी दी। फिर क्या था, माहौल खुशियों भरा हो गया। छात्र-छात्राओं ने स्कूलों में उछलकर खुशी का इजहार किया।
जिले में हाईस्कूल की मेरिट में पहले स्थान पर पुष्पेंद्र सिंह रहे। जबकि नासिर अली ने द्वितीय, धनीराम ने तृतीय, अजय कुमार ने चौथा, उर्वशी राजपूत और मुकुंद कुमार झा ने पांचवां स्थान प्राप्त करके परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया।
इसी तरह इंटरमीडिएट की मेरिट में शीर्ष पर अनूप कुमार तिवारी रहे। जिला टाप करने वाले अनूप कुमार तिवारी को बधाई देने वालों की कमी नहीं रहे। सुबोध कुमार द्वितीय, सचिन कुमार तृतीय, तंजीम हुसैन चौथे और हर्ष वार्ष्णेय पांचवें स्थान पर रहे। इन्होंने परिजनों की उम्मीदें पूरी कीं।